ऑनलाइन सट्टा... दिल्ली-मुंबई से व्यापारियों को लाई क्राइम-ब्रांच

· Indore

ऑनलाइन सट्टा... दिल्ली-मुंबई से व्यापारियों को लाई क्राइम-ब्रांच

इंदौर, राजकुमार अग्निहोत्री। इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में गोयल बंधुओं को पकड़ा था। जांच में दिल्ली और मुंबई के लोगों के नाम आए थे। पांच से छह टीमें भेजीं। दो दिल्ली और बाकी के मुंबई जाने की खबर है। कल सभी को इंदौर लाए, जिसमें दिल्ली का जौहरी भी शामिल है। चार दिन की रिमांड मिली है।

पता चला है कि अभिषेक गोयल और विपिन गोयल को पकड़ा था। मास्टर आइडी बांटते थे, जो सट्टा लगवाने के काम आती है। दिल्ली के लक्ष्मी नगर से किसी निखिल जैन की भी गिरफ्तारी हुई है। इनका जूलरी का काम है। मास्टर आइडी मिलने की बात पता चली है। मुंबई से भी कुछ लोगों के उठाने की खबर है।

कितने लोगों को पकड़ा है और मामले की सच्चाई क्या है, इसके लिए एडीसीपी राजेश दंडोतिया को फोन लगाया तो कहा कि डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ही बता पाएंगे। क्राइम ब्रांच में कार्रवाई पर कोई बोलने को तैयार नहीं है। बताते हैं कि बड़े नाम घेरे में आए हैं।

क्रिकेट से जुड़ सकते हैं तार : इंदौर में जब मप्र क्रिकेट लीग चल रही थी, तब भी गुजरात की आइडी लेकर सट्टा गैंग चलाने में गोयल नाम आया था। चुनिंदा सट्टेबाजों को मैच से ठीक पहले खबर दी जाती थी कि कौन जीतेगा-कौन हारेगा। यह भी बताते थे कि किस ओवर में कितने रन बनने वाले हैं। पच्चीस से तीस लोगों की टीम बनी थी। एमपीएल की एक टीम से जुड़े होने की बात भी आई थी, लेकिन बात आई-गई होगी। क्राइम-ब्रांच की धरपकड़ के बाद बड़ा खुलासा हो सकता है।