पार्षद के घर हमले में भाजपा नेता!

इंदौर. नगर प्रतिनिधि। भाजपा पार्षद पंखुड़ी डोसी के घर तोड़फोड़ और मारपीट करने वाले मुलजिमों में अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी भी शामिल हैं। नगर मंत्री के हाथ में पिस्टल दिख रही है, लेकिन उसका नाम अभी एफआईआर में नहीं है।
उषागंज के गीतांजलि अपार्टमेंट में पार्षद के घर मारपीट के मामले में मुलजिम सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहे हैं। पुलिस ने भाजपा पार्षद के पति सुमित तलरेजा की रिपोर्ट पर प्रशांत करोसिया, सुमित खरे, विशाल बौरासी, प्रिंस सिरसिया, ऋषि सिरसिया और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सभी मुलजिम तीन नंबर विधायक गोलू शुक्ला से जुड़े हुए हैं। रिपोर्ट लिखने में भी आनाकानी की जा रही थी। फरियादी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तक मामला पहुंचाया तब जाकर देर रात रिपोर्ट दर्ज हो पाई।
पुलिस पर मुलजिमों को बचाने का आरोप भी लग रहा है। मुलजिम विपिन चिंतामण के हाथ में पिस्टल दिख रही है। वो भाजपा अनुसूचित मोर्चा का नगर मंत्री है, जबकि सुमित खरे मोर्चा में सामाजिक संपर्क में सह प्रमुख है। तलरेजा और मुलजिमों के बीच पुराना झगड़ा चला आ रहा है। पहले भी वो तलरेजा के साथ मारपीट कर चुके हैं और चेन भी लूटने का आरोप लग चुका है।
सुमित की तरफ से चार एफआईआर हो चुकी हैं। मुलजिमों ने हरिजन थाने में शिकायत की थी, लेकिन वहां केस दर्ज नहीं होने के कारण मामला कोर्ट में लगाया था। वहां से खारिज हो जाने के कारण वो समझौते के लिए दबाव बना रहे थे। इसी कारण कल रात पार्षद के घर हमला हो गया।