जौहरी को बंधक बनाया, पीटा...!

इंदौर : नगर प्रतिनिधि। दोस्तों के साथ कार से देपालपुर जा रहे जुलरी व्यापारी को उसके दुश्मनों ने बंधक बना लिया। पान की दुकान में ले गए और जमकर मारपीट की। आरोप है कि चेन भी लूट ली।
कालानी नगर निवासी गोविंद कमल सोनी का सोने-चांदी के जेवर का कारोबार है। उसका छह महीने पहले शुक्ला परिवार से झगड़ा हुआ था। तभी से दुश्मनी चली आ रही है। सोनी कल दोपहर में कार (एमपी09 -ईएफ- 6355) से दोस्त कमलेश रबाडि़या और हितेश बैस के साथ देपालपुर जा रहा था। रास्ते में गांधीनगर एचपी पेट्रोल पंप पर गैस भरवाने के लिए रूका। यहां पहले से लक्की शुक्ला और ऋतिक अग्निहोत्री खड़े थे। उन्होंने फोन कर अंतिम शुक्ला, विष्णु शुक्ला, शिव विजवा और अन्य साथियों को बुला लिया। इन्होंने सोनी के दोस्तों को धमकाकर अलग हटा दिया। सोनी को पीटा और उसी की कार से उसे गांधीनगर में पान की दुकान पर ले गए। यहां बंधक बनाकर एक घंटे तक पीटते रहे।
दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी : सोनी के दोस्तों ने डॉयल-112 पर फोन लगाकर पुलिस को सूचना दी। सिपाही मौके पर पहुंचे और पुलिस की गाड़ी में सोनी को थाने ले गए। उसका मेडिकल कराया।
एक मुलजिम का नाम गायब : पुलिस ने एफआईआर में ऋतिक अग्निहोत्री का नाम नहीं लिखा है। फरियादी का कहना है कि बंधक बनाने से लेकर तो मारपीट करने में वो शामिल था। पुलिस का कहना है कि एफआईआर में दो मुलजिमों के नाम अज्ञात हैं। अग्निहोत्री का नाम शामिल कर लिया जाएगा।
सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है : बताते हैं कि मुलजिमों ने गांधी नगर थाना क्षेत्र में ही सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। जमीन पुलिस विभाग की बताई जा रही है। इनके रसूख के कारण कार्रवाई नहीं होती है।
समझौता करने के लिए दबाव बना रहे : सोनी का कहना है कि छह महीने पहले भी मुलजिमों ने उसके साथ मारपीट की थी। कोर्ट में केस चल रहा है। समझौता करने के लिए दबाव बना रहे हैं। इसी कारण मुझे बंधक बनाकर पीटा गया।