ऑस्ट्रेलिया में...

· Indore

ऑस्ट्रेलिया में...

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सेसनॉक शहर में भारतीयों के खिलाफ नफरत फैलाने वाले स्टीकर मिले हैं। इनमें भारतीय जैसा दिखने वाला एक आदमी, सड़क पर शौच करते दिखाया गया है। साथ में लिखा है, ‘क्या यही तुम्हारी संस्कृति है? हमें यह पसंद नहीं।’ स्टीकर में बाहर से आकर बसे लोगों को वापस भेजने की मांग भी की गई है। सेसनॉक, न्यू साउथ वेल्स राज्य के हंटर इलाके में आता है।

इलाके के सांसद रेपाकोली ने इन स्टीकरों पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी गंदगी फैलाने वाले लोग हमारे समाज की आवाज नहीं हैं। सेसनॉक और पूरे हंटर इलाके में नस्लवाद के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने लोगों से कहा कि जहां भी ऐसे स्टीकर दिखें, उनकी जगह बताएं, ताकि उन्हें हटवाया जा सके।

स्टीकर में ऑस्ट्रेलिया की आबादी का जिक्र करके भी भारतीयों को निशाना बनाया गया है। इसमें लिखा है कि देश की 32 फीसद आबादी बाहर जन्मी है और इस सूची में भारत सबसे ऊपर है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक 30 जून, 2025 को ऑस्ट्रेलिया में करीब 88 लाख लोग ऐसे थे, जिनका जन्म किसी दूसरे देश में हुआ था। इनमें भारत में जन्मे लोगों की संख्या करीब 9 लाख 71 हजार थी, जो सबसे ज्यादा है। इसी इलाके में जुलाई में भी भारतीयों के खिलाफ पर्चे बांटे गए थे। कुर्री कुर्री कस्बे में लोगों के घरों के लेटर बॉक्स में ये पर्चे डाले गए थे। उस समय भी रेपाकोली ने विरोध किया था। उन्होंने बताया था कि स्थानीय डॉक्टरों को भी नस्लवादी बातें और गालियां सुननी पड़ी हैं।