धन, धना, धन के मौसम में दन, दना, दन!

· Indore

आँख यूं भर आई... मुकेश अम्बानी
आँख यूं भर आई... मुकेश अम्बानी

त्योहारी मौसम में बाजार की बड़ी फिक्र है कि कमाई कितनी होगी! ‘शुभ’ से पहले ‘लाभ’ की चिंता है। दिल्ली के दुकानदारों ने कांग्रेस से कहा था कि रामलीला मैदान पर रैली को टाल दें, पर बात नहीं बनी। भाजपा ने जो रैलियां निकालीं, उन्हें घंटे भर में खत्म करने का दावा किया ताकि दुकानदारों का नुकसान न हो। राजनीति भी दुकानदारी ही है। हर पार्टी नफा-नुकसान देख रही है। कांग्रेस को नकली संसद में महाभियोग लगाना है, लेकिन असली संसद में जाने को तैयार नहीं है। भाजपा को रैली का जवाब रैली से ही देना है, जबकि सत्ता में है। त्योहारों पर दुकान बंद होने से दुकानदार परेशान है, धनतेरस पर धन धना धन की जगह दन दना दन के आसार हैं।

मनोरंजन की दुनिया को बड़ी उम्मीद है। ‘इंडिया टुडे’ पर पीवीआर-आइनॉक्स के डायरेक्टर संजीव कुमार बिजली कह रहे थे कि बॉक्स ऑफिस पर जबर्दस्त कमाई होगी। पांच नवंबर को ‘रामायण’ रिलीज होते ही दो सौ करोड़ की आमदनी होगी। ‘रामायण’ पर ‘इंडिया टुडे’ ने भी एआइ से ‘रघुपति राघव राजा राम’ बनाई है। खबरिया चैनलों पर एआइ से बने राम और सीता की तस्वीर भी हैं। सनी देओल को हनुमान बनाने की भी होड़ है। रामानंद सागर की ‘रामायण’ के राम अब दशरथ बने बैठे हैं।

फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर (राम) और सई पल्लवी (सीता) पर बहस है। रणबीर कपूर के खानपान से चाल-चलन तक के पुराने किस्से मर्यादा पुरुषोत्तम राम की भूमिका में बर्दाश्त करने में सबसे बड़ी बाधा है तो सई पल्लवी बिना मेकअप के ही परदे पर आती हैं। ऐसे में उन्हें सीता मानना भी आसान नहीं है, लेकिन फिल्म की बंपर ओपनिंग से सिनेमा वाले उत्साहित हैं। शाहरुख खान की ‘किंग’ भी कतार में हैं। संजीव कुमार बिजली कह रहे थे कि इन दिनों ओटीटी पर नया कंटेंट रिलीज नहीं हो रहा है। ऐसे में सिनेमाघर खाली रहेंगे, यानी ओटीटी के सहारे सिनेमा वाले दीवाली की उम्मीद कर रहे हैं। सबकी दीवाली अच्छी तरह से मननी चाहिए, लेकिन दूसरों के भरोसे दाल भिगो नहीं बैठा जा सकता। ओटीटी पर सन्नाटा है तो सिनेमाघरों में भीड़ जुटेगी, यह सोच ही गलत है।

ओटीटी वालों ने घाटा कम करने की जुगत शुरू कर दी है। ‘प्राइम वीडियो’ पर ‘सोनी लिव’ के कंटेंट दिखाई देने लगे हैं। भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच भी ‘प्राइम वीडियो’ पर लाइव हैं। ‘सोनी’ पर क्रिकेट देखने की आदत नहीं है तो ‘प्राइम वीडियो’ पर कितने जुड़ेंगे, देखना दिलचस्प होगा। ‘प्राइम वीडियो’ पर ‘सोनी लिव’ अटपटी शुरुआत है। कुछ महीने पहले ‘प्राइम वीडियो’ ने ‘एमएक्स प्लेयर’ के कार्यक्रम भी खरीदे थे, जिनमें ‘होइचोइ’ की कई बंगाली वेबसीरीज भी थीं। अब ‘नेटफ्लिक्स’ ने भी ‘होइचोइ’ के चुनिंदा शो दिखाने शुरू किए हैं। ‘मैडम इंस्पेक्टर’ ऐसी ही सीरीज है।

‘सोनी लिव’ पर जब ‘क्राइम पेट्रोल’ में अजय देवगन को होस्ट बनाया तो ‘नेटफ्लिक्स’ ने ‘क्राइम पेट्रोल’ के पुराने एपिसोड दिखाने शुरू कर दिए। ‘सोनी टीवी’ ने टीआरपी के लिए ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की मराठी पेशकश में माधुरी दीक्षित को होस्ट बनाया। पहले ही एपिसोड में सोनाली बेंद्रे को मेहमान बनाया। दोनों की मराठी कमजोर थी, पर खूबसूरती से इसे ढंकने की कोशिश की। तमिल हीरोइन सामंता प्रभु को मास्टर शेफ तमिल में होस्ट बनाया, लेकिन जब सामंता ने बताया कि उसे खाना पकाना नहीं आता है तो मास्टर शेफ की पोल खुल गई, लेकिन उनका स्टारडम इतना बड़ा है कि मास्टर शेफ तमिल भी देखेंगे।

क्रिकेट के कवरेज से ज्यादा जोड़ने के लिए भी अलग-अलग-अलग भाषा में आंखों देखा हाल सुनाया जाता है। भले ही मैदान पर जाने के बजाय स्टूडियो में टीवी पर मैच देखकर ही सुनाया जा रहा हो, भाषा का असर तो रहता ही है। ‘सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क’ पर तमिल में भी क्रिकेट कामेंट्री शुरू की गई। इसके लिए रविचंद्रन अश्विन, भरत अरुण और डबल्यू वी. रमण हैं। हिंदी कमेंट्री बॉक्स में भी अश्विन थे और तमिल के बारे में कह रहे थे कि हमने हिंदी सीखी है तो आप भी तमिल सीख सकते हैं। बात सही है, लेकिन क्रिकेट से रिटायर होने के बाद अश्विन तो हिंदी के खिलाफ बोल रहे थे, तब शायद नहीं सोचा होगा कि हिंदी कामेंट्री भी करनी पड़ेगी, बावजूद उनकी कामेंट्री का स्वागत है हिंदी और तमिल दोनों में। इसी तरह भाषाओं की दूरियां कम होंगी।

‘जियो हॉटस्टार’ के पास इन मैचों का अधिकार नहीं हैं, फिर भी भोजपुरी और हरियाणवी में मैच दिखाने का दावा कर रहे हैं। हालांकि वहां मैच के दृश्य पूरी तरह गायब हैं और एनीमेशन से बनाने की नाकाम कोशिश की जा रही है। ऐसा ही यू-ट्यूब पर भी हो रहा हैं। भाषा और बोलियों के नाम पर ठगने वाले नीयत ठीक कर लें तो अच्छा होगा, वरना देखने वाले बहुत चतुर हो गए हैं। अंबानी परिवार के बच्चों ने जियो पब्लिक इश्यू की सफलता का जश्न मनाया तो अनंत अंबानी की बातें सुनकर मुकेश अंबानी रो पड़े। अनंत कह रहे थे कि जियो के तो नाम में ही आशीर्वाद है, फिर उसने इंटरनेट की तमाम कमाई जियो के खाते में डाल दी। कहा कि हमने कोरोना काल में ऑनलाइन पढ़ाई कराई तो वीडियो कॉल के जरिए परिवार को जोड़ा और दूरियां मिटा दीं। यह बताना भूल गए कि उन्होंने ही असली और नकली 5-जी जैसे नेटवर्क इजाद किए थे। मुफ्त से महंगे तक का सफर कैसे पूरा किया जाता है, यह भी नहीं बताया।

ओटीटी पर नीरज पांडे की ‘गजब रात’ निराश करने वाली निकली। मनोज वाजपेयी का नया लुक भी परेशान करता है और फिल्म भी। नीरज पांडे ने ‘स्पेशल-26’ जैसी फिल्म दी है, पर अब उनके पास ढंग की स्क्रिप्ट नहीं है। हालांकि लेखन टीम में उनका नाम भी शामिल है। बेइमान पुलिस इंस्पेक्टर की उसूलों के लिए लड़ाई के नाम पर जो कहानी है, बांधे रखने में नाकाम रही। दिव्या दत्ता अच्छी अदाकारा हैं, पर उनके पास करने को कुछ नहीं था। यह गजब रात कम और अजब रात ज्यादा थी। नीरज पांडे अपने साथ मनोज वाजपेयी का नाम भी मिट्टी में मिलाने पर आमादा हैं।

‘प्राइम वीडियो’ पर वेबसीरीज ‘चार यार’ कार चोरों की कहानी है कि किस तरह ड्रग माफिया बन जाते हैं। सात एपीसोड झेलना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है। हिम्मत हो तो कोशिश करके देख लीजिए।